-यूपी में कैबिनेट विस्तार की चर्चा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज़ हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, संगठन महामंत्री सुनील बंसल नई दिल्ली पहुंचे, जहां वह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे।
कयास लगाए जा रहे हैं कि यूपी में जल्दी ही योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। उल्लेखनीय है कि इसी हफ्ते चार नए एमएलसी का मनोनयन भी होना है। राजनीतिक हलके में चर्चा है कि इस माह के अंत तक योगी मंत्रिमंडल में विस्तार किया जाएगा। इस दौरान कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं। भाजपा नेतृत्व मंत्रिमंडल विस्तार के माध्यम से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिहाज से जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास करेगा, ताकि चुनाव के पहले प्रदेश सरकार और भाजपा की छवि सुधारी जा सके। इसके अलावा कई मंत्रियों की मंत्रिमंडल से छुट्टी की जा सकती है।
कैबिनेट विस्तार के दौरान क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को साधने की कोशिश की जाएगी, ऐसे में इस बार नए चेहरों को जगह दी जा सकती है। साथ ही जिन चार सदस्यों को मनोनीत किया जाना है, उस मसले पर भी स्वतंत्र देव सिंह, सुनील बंसल भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से विचार विमर्श कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि योगी मंत्रिमंडल में लंबे समय से विस्तार के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन यह बार-बार टलता रहा है। पिछले दिनों लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के बीच हुई बैठक में भी विधानसभा चुनाव के लिहाज से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हो चुकी है। ऐसे में इस महामंथन के बाद चुनाव से पहले एक बार फिर मंत्रिमंडल में बदलाव की बात सामने आई है। उत्तर प्रदेश में अगले साल मार्च-अप्रैल के बीच विधानसभा चुनाव होने हैं।
लखनऊ : योगी कैबिनेट से कई मंत्रियों की जल्द होगी छुट्टी, कुछ के बदले जा सकते हैं विभाग
RELATED ARTICLES
