Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में यूपी का दबदबा, पिछड़ों व दलितों...

लखनऊ : मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में यूपी का दबदबा, पिछड़ों व दलितों को साधने की कवायद

लखनऊ । केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमण्डल विस्तार बुधवार को हुआ। इस विस्तार के जरिए देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश का खास ख्याल रखा गया है क्योंकि सूबे में करीब छह माह बाद ही विधानसभा चुनाव होना है। राज्य में एक बार फिर भाजपा सरकार की वापसी हो इस बात का ध्यान में रखते हुए जातीय समीकरण साधने की पूरी कोशिश की गयी है। जहां पिछड़ी जातियों और दलितों को केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में स्थान दिया गया है वहीं ब्राम्हणों को भी खुश करने की कोशिश की गयी है। मोदी मंत्रिमण्डल में इस बार सबसे ज्यादा सात नेताओं को यूपी से शामिल किया गया है।
यूपी से अनुप्रिया पटेल, डॉ एसपी बघेल, पंकज चौधरी, भानु प्रताप वर्मा, कौशल किशोर, बीएल शर्मा और अजय कुमार मिश्रा मंत्री बने हैं। मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल, पंकज चौधरी महाराजगंज से, अजय कुमार मिश्रा लखीमपुर खीरी से सांसद हैं। बीएल वर्मा बदायूं के रहने वाले हैं और अभी राज्यसभा के सदस्य हैं। इनके अलावा कौशल किशोर मोहनलालगंज (लखनऊ) से सांसद हैं। प्रदेश के मीरजापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पिछली सरकार में भी मंत्री थीं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री के रूप में कार्य करते समय उन्होंने चिकित्सा विभाग में काफी बदलाव किया। पिता अपना दल के संस्थापक डा. सोनेलाल पटेल के निधन के बाद उनकी माता कृष्णा पटेल अपना दल पार्टी की अध्यक्ष बनीं, लेकिन कुछ विवादों के चलते उन्होंने मां से अलग होकर अपना दल (एस) का गठन किया। वर्तमान में वह पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वहीं दलित नेता और लखनऊ जिले की मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद कौशल किशोर मोदी सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। वह यूपी में मुलायम सरकार में राज्यमंत्री रह चुके हैं। वह लखनऊ जिले की सुरक्षित सीट मोहनलालगंज से लगातार दूसरी बार सांसद बने हैं। 61 साल के कौशल किशोर लखनऊ के काकोरी के रहने वाले हैं। कौशल किशोर 2002 में पहली बार विधायक बने थे। तब उन्होंने मलिहाबाद की सुरक्षित सीट को चुना था। वहीं प्रदेश से राज्यसभा सदस्य बीएल वर्मा को केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। राजनीतिक कैरियर में कभी किसी विवाद में नहीं रहे राज्यसभा सदस्य बीएल वर्मा बदायूं जिले के पंजाबी कालोनी, उझानी के रहने वाले हैं। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा से राजनीति शुरू की थी। उन्होंने दो बार भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। भाजपा प्रदेश मंत्री पद का भी दायित्व संभाला। पिछले दिनों राज्यसभा सदस्य बने और भाजपा पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।
जबकि प्रदेश की महराजगंज लोकसभा से छठवीं बार सांसद चुने गए पंकज चौधरी केंद्रीय कैबिनेट में राज्य मंत्री बनाया गया है। मूलतः हरिबंश गली, शेखपुर, गीताप्रेस गोरखपुर के निवासी सांसद पंकज चौधरी का राजनैतिक इतिहास 32 वर्ष पुराना है। पंकज चौधरी नगर निगम गोरखपुर के सभासद, उप महापौर से लेकर लोक सभा चुनाव में महराजगंज से छह बार सांसद चुने गए हैं। पंकज चौधरी के बड़े भाई प्रदीप चौधरी महराजगंज जिला के प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए थे। बताया जाता है कि उनकी राजनीति के बाद से ही पंकज चौधरी ने महराजगंज से लोक सभा चुनाव में अपना कदम जमाया था। परिवार में पत्नी भाग्यश्री चौधरी के अलावा पुत्र रोहन चौधरी और पुत्री श्रुति चौधरी हैं। जिला पंचायत चुनाव में सांसद के करीबी ही जिला पंचाचत अध्यक्ष चुने जाते हैं। वहीं लखीमपुर के सांसद अजय कुमार मिश्र टेनी को केंद्रीय कैबिनेट में राज्य मंत्री बनाया गया है। वह 2012 में निघासन विधानसभा क्षेत्र के विधायक बने। 2014 में 16वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए, 2014 में ही कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय समिति के सदस्य बने। 2019 में 17वीं लोकसभा के भी सांसद चुने गए। 2021 में संसद रत्न के सम्मान से भी अलंकृत किए गए। 25 सितंबर 1960 को जन्मे अजय कुमार मिश्र स्नातक कानपुर विश्वविद्यालय से किया। वह कई राष्ट्रीय स्तर की संसदीय समितियों के सम्मानित सदस्य रहे और भारत सरकार की ओर से कई देशों का भ्रमण भी किया।
आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य, उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे चुके सांसद प्रो. बघेल को पीएमओ से निमंत्रण मिल गया है। बघेल समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले प्रो. एसपी सिंह के नाम पर मुहर लगाकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक समीकरण साधने का भी प्रयास है। औरैया जिले के निवासी सांसद प्रो. बघेल खादी से पहले खाकी भी पहन चुके हैं। वे लंबे समय तक सब इंस्पेक्टर भी रहे और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा में तैनात रहे। वर्ष 1998 में मुलायम सिंह यादव ने उन्हें जलेसर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा और सफलता भी मिली। बसपा ने उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया तो वे सांसद भी चुने गए। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टूंडला विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया। जीत हासिल कर वे सीएम योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट का हिस्सा भी बने। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आगरा से चुनाव जीते।
सभासद से राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले भानु प्रताप सिंह वर्मा को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उन्हें केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनाया गया है। एक बार विधायक और पांचवीं बार जालौन-गरौठा-भोगनीपुर संसदीय सीट से सांसद हैं। वह सूचना प्रौद्योगिकी समिति के स्थाई सदस्य भी हैं। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार समिति के भी सदस्य हैं। कोंच तहसील के मालवीय नगर निवासी भानु वर्मा 1988 में सबसे पहले अपने वार्ड से सभासद चुने गए, इसके बाद 1991 में कोंच सुरक्षित सीट से विधायक बने। 2019 में पांचवीं बार जालौन के सांसद चुने गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular