Friday, March 20, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ मेट्रो में 35 हजार यात्रियों ने किया सफर, कुमार केशव ने...

लखनऊ मेट्रो में 35 हजार यात्रियों ने किया सफर, कुमार केशव ने जताया आभार

-अनलॉक-02 में एक दिन में पहली बार 35 हजार यात्रियों ने मेट्रो ट्रेन से किया सफर

-लखनऊ की मेट्रो ट्रेनों में तेजी से बढ़ रही यात्रियों की संख्या

लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ की मेट्रो ट्रेनों में सोमवार को 35 हजार यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों की यह संख्या कोरोना की दूसरी लहर में हुए अनलॉक-02 में एक दिन में अब तक सबसे अधिक है। यह आंकड़ा अभी और बढ़ने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने कहा कि कोरोना के बाद की परिस्थितियों में लखनऊ मेट्रो में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अनलॉक-02 के बाद सोमवार को पहली बार एक दिन में 35 हजार यात्रियों ने लखनऊ की मेट्रो ट्रेनों से सफर किया है। यात्रियों की यह संख्या कोरोना के पहले की 50 प्रतिशत से अधिक है। लखनऊ मेट्रो में यात्रियों के बढ़ते विश्वास के लिए मैं उनका आभारी हूं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए तमाम प्रबंध जारी हैं। सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सैनिटाइजेशन और शारीरिक दूरी का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। मेट्रो ट्रेन में यात्रियों की बढ़ती संख्या लखनऊ वासियों के भरोसे का प्रतीक है। इसके पहले गत शुक्रवार को एक दिन में लखनऊ मेट्रो से 33 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया था। गत 09 जून से लखनऊ में मेट्रो ट्रेन का संचालन फिर से शुरू किया गया है। तब से लेकर अब तक यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular