लखनऊ (हि.स.)। राजधानी में हुए अनलॉक-02 में गत 09 जून से मेट्रो ट्रेन का संचालन फिर से शुरू हुआ है। अनलॉक-02 में मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद शुक्रवार रात 10 बजे तक एक दिन में 33 हजार लोगों ने मेट्रो ट्रेन से सफर किया है। यात्रियों की यह संख्या कोरोना की दूसरी लहर में हुए अनलॉक-02 में अब तक सबसे अधिक है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने कहा कि अनलॉक-01 के तरह इस बार भी लखनऊ मेट्रो ट्रेन में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। एक दिन में 33 हजार दैनिक यात्रियों की संख्या 50 प्रतिशत से अधिक है। इसके लिए मैं लखनऊ वासियों का आभारी हूं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड के मद्देनज़र मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए तमाम प्रबंध जारी हैं। सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सैनिटाइजेशन और शारीरिक दूरी का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। मेट्रो ट्रेन में यात्रियों की बढ़ती संख्या लखनऊ वासियों के भरोसे का प्रतीक है।
