लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ के पेट्रोल पम्पों पर सुबह से शाम तक अपने मोटरसाइकिल, कार वाहनों में पेट्रोल डलाते लोगों को शाम तक अच्छा समाचार नहीं मिला। सुबह के वक्त पेट्रोल के मूल्य 96.30 रुपये में शाम होने तक 30 पैसे की वृद्धि हो गयी। पेट्रोल शाम तक 96.60 रुपये हो गये। पेट्रोल के मामूली दाम बढ़ने के बाद भी लोगों ने इसे परेशान करने वाला समाचार नहीं बताया।
पेट्रोल पम्प के व्यापार से जुड़े अर्चित ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग अलग शहरों में पेट्रोल के मूल्य बदलते रहते हैं। लखनऊ शहर में पेट्रोल के दाम 96.57 रुपये है और ये पिछले माह से मामूली बढ़ोतरी है। पेट्रोल के अचानक बढ़े दामों ने कुछ वक्त पहले लोगों को परेशान किया था। इस तरह की सम्भावना अभी उत्तर प्रदेश में नहीं है।
परिवर्तन चौक में पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल लेने पहुंचे व्यापारी सतीश नाग ने कहा कि वह एक व्यापारी हैं और पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने पर उन्हें समस्या तो होती है। सामान्य रुप से सौ रुपये के ऊपर होने पर लोगों को आर्थिक परेशानी होती है। व्यापार के अलावा घर परिवार चलाने के लिए भी बजट देखना पड़ता है। फिलहाल दीपावली पर बेहद खर्च वाले माहौल में सब कुछ बजट में ही रहना चाहिए।
लखनऊ विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर आशीष अवस्थी ने कहा कि दूसरे राज्यों के मुकाबले उत्तर प्रदेश में पेट्रोल के दाम से बहुत ज्यादा राहत है। वर्तमान स्थिति में पेट्रोल या डीजल के दाम नहीं बढ़ने चाहिए। मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए भी किसी भी जरूरत की वस्तु के मूल्य बढ़ने से महीने का बजट गड़बड़ हो जाता है।
शरद/सियाराम
