– तीन बदमाशों ने दी वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ (हि.स.)। गाजीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की दिनदहाड़े लूट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम भेजकर खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं।
गाजीपुर के शक्तिनगर क्षेत्र स्थित एफएम अपार्टमेंट की चौथी फ्लोर में वृद्ध महिला नफीस फातिमा रहती थी। बुधवार को तीन युवक उनके यहां आते और कमरे में दाखिल होकर उनकी हत्या कर लूटपाट कर चले जाते हैं। बदमाशों ने यह वारदात दिनदहाड़े की है, जिससे पुलिस की गश्त को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना को लेकर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग भी आक्रोशित हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की बारीकी से छानबीन कर साक्ष्य को एकत्र किया।
पुलिस उपायुक्त उत्तरी एस.एम. कासिम आब्दी ने बताया कि यहां पर पति-पत्नी अकेले रहते हैं। इन दिनों नफीस फातिमा के पति बाहर गए हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे के आसपास कुछ लोग आते हैं और डोर बेल बजाते हैं। महिला के दरवाजा खोलते ही वो उस पर हमला कर घर से कुछ सामान ले गए हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बेहाेशी की हालत में पड़ी महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगे हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगाले जा रहा हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
दीपक/दीपक/मोहित
