-यूपीएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने जताया आभार
-लखनऊ में 05 सितम्बर 2017 को शुरू हुई थी मेट्रो ट्रेन
लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में मेट्रो ट्रेन शुरु होने से लेकर अब तक 3.25 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया है। लखनऊ में मेट्रो ट्रेन सेवा की शुरुआत 05 सितम्बर 2017 को हुई थी।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने कहा कि लखनऊ में मेट्रो ट्रेन सेवा की शुरुआत होने से लेकर अब तक 3.25 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया है। यात्रियों की संख्या 3.25 करोड़ से अधिक होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह हमारे लिए गर्व की अनुभूति कराने वाले क्षण हैं। हमने तमाम चुनौतियों को पार कर लखनऊ के लोगों के लिए जिस आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का संकल्प लिया था, वह आज यात्रियों से मिल रहे निरंतर समर्थन और भरोसे की वजह से एक मुकाम तक पहुंचते दिखाई दे रही है। इसलिए हम लखनऊ वासियों के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि हम यात्रियों को विश्वास दिलाते हैं कि भविष्य में इसी कर्मठता और समर्पण के साथ उनकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। प्रबंध निदेशक ने कहा कि वर्तमान में कोविड के मद्देनज़र मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो ट्रेनों में सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए तमाम प्रबंध जारी हैं। सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सैनिटाइजेशन और शारीरिक दूरी का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। इस साल की शुरुआत से अल्ट्रावायलेट किरणों से मेट्रो ट्रेनों के कोचों को सैनिटाइज करने वाली लखनऊ मेट्रो देश की पहली मेट्रो सेवा बन गई है। इन प्रयासों का नतीजा है कि लखनऊ में अनलॉक-02 में गत 09 जून से मेट्रो सेवा के पुनः आरम्भ होने के बाद से यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है। लखनऊ मेट्रो 32 हजार की औसत यात्री संख्या के साथ कोरोना के पूर्व की राइडरशिप का 50 प्रतिशत पहले ही हासिल करने में सफल रही है। जबकि इसी वक्त अन्य राज्यों की मेट्रो सेवाओं की राइडरशिप रिकवरी काफी कम है।
