लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जल्द ही पांच और नये पुलिस थाना की सौगात मिल सकती है। पुलिस कमिश्नर की ओर से पहल करते हुए इन थानों को किन स्थलों पर बनाया जाये इसके लिए भी अपनी प्रस्ताव रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजी है। पुलिस मुख्यालय ने इसे शासन को भेजा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस पर निर्णय आ जायेगा।
राजधानी में बढ़ती आबादी और कानून एवं व्यवस्था को बनाये रखे जाने के लिए शहर में और नए थानों को बनाए जाने का प्रस्ताव पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर की तरफ से पुलिस हेड क्वार्टर को भेजा गया है। डीजीपी मुख्यालय ने भी पांच नए थाने बनाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक काकोरी से दुबग्गा और उसके आसपास के इलाके को काटकर नया थाना बनाया जाएगा। इसी तरह सरोजिनी नगर से बिजनौर और उसके आसपास के इलाके में नया थाना बनाया जाएगा। चिनहट से बीबीडी व बाराबंकी बॉर्डर के इलाके को जोड़कर नया थाना बनाया जाएगा। हसनगंज व मदेयगंज और उसके आसपास के इलाकों को काटकर नया थाना बनाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा मड़ियाव के शेरपुर अजीत नगर का कुछ हिस्से और काट के वहां पर भी थाना बनाए जाने की बात की जा रही है।
