लखनऊ (हि.स.)। आशियाना थाना क्षेत्र में बनी रिक्शा कॉलोनी में शनिवार दोपहर को एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में चार बच्चे दब गए। घटना की जानकारी पर डीसीपी ईस्ट प्राची सिंह के साथ कई थानों की फोर्स पहुंची। मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एक बच्चे की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आशियाना में मकान गिरने के मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समूचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
डीसीपी ने बताया कि रामाबाई पुलिस चौकी क्षेत्रांन्तर्गत रिक्शा कॉलोनी है। शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई और उसके नीचे चार बच्चे दब गए। डॉयल 112 पर मिली सूचना के बाद डीसीपी समेत कई थानों की पुलिस व आलमबाग फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य किया। मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक बच्चे की हालत नाजुक है।
डीसीपी ने बताया कि बच्चों की पहचान 13 वर्षीय गोकुल रावत, 10 वर्षीय अनिल, 11 वर्षीय मनी और 22 वर्षीय शुभम के रूप में हुई है। पता चला है कि जब यह हादसा हुआ है, ये बच्चे पास में ही खेल रहे थे। सभी का इलाज लोकबंधू अस्पताल में चल रहा है, जिसमें अनिल की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
दीपक
