Wednesday, April 1, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ में दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री में उछाल,अब तक...

लखनऊ में दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री में उछाल,अब तक बिके 3,900 से अधिक वाहन

लखनऊ(हि.स.)। राजधानी लखनऊ में नवरात्रि पर्व से लेकर अब तक 85 एजेंसियों से करीब 3900 से अधिक वाहन बिक चुके हैं। इसमें दो और चार पहिया वाहन शामिल हैं।
राजधानी लखनऊ में कोविड-19 के चलते कई महीनों के बाद नवरात्रि से दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री में उछाल आई है। नवरात्रि के शुरुआत से लेकर अब तक राजधानी में 3,900 से अधिक वाहन बिक चुके हैं। इसमें 2,630 दो पहिया और 1,270 चार पहिया वाहन शामिल हैं। इसके अलावा और वाहनों की बिक्री भी हुई है। लखनऊ में गत मार्च महीने से कोविड-19 की वजह से शुरू हुए लॉकडाउन के बाद वाहनों का बाजार बिल्कुल ठंडा पड़ गया था। गत 17 अक्टूबर से नवरात्रि का पर्व शुरू हुआ है। तब से लेकर अब तक लखनऊ में वाहनों की बिक्री होने से डीलरों के चेहरे खिल गए हैं। 
राजधानी के वाहन बाजार में अब हर श्रेणी में खरीदारों की भीड़ हो रही है। आम दिनों में पहले 170 के आसपास वाहन प्रतिदिन बिकते थे। अब यह आंकड़ा 400 के ऊपर निकल चुका है। नवरात्रि से लेकर अब तक लखनऊ में मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, जगुआर, लैंड रोवर और ऑडी जैसी महंगी कारें भी बिकी हैं। इस समय हुंडई, महिंद्रा, इनोवा और मारुति आदि गाड़ियों का बाजार गर्म है। इसी तरह से हीरो, होंडा, बजाज सहित अन्य कंपनियों के शोरूम में खरीदारों की भीड़ हो रही है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव ने बुधवार को बताया कि नवरात्रि पर्व के शुरुआत से लेकर अब तक 16 एलीट वर्ग की गाड़ियों सहित 3,900 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई है। वाहनों की बिक्री से 82 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। फिलहाल वाहनों के पंजीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular