लखनऊ (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण की नामांकन प्रक्रिया लखनऊ समेत नौ जिलों में गुरुवार से प्रारंभ हुई। प्रथम दिन मात्र दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
लखनऊ जिले मे विधानसभा की नौ सीटें हैं। बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ललन कुमार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कलेक्ट्रेट परिसर तक अपने वाहन से आए कांग्रेस उम्मीदवार ललन कुमार ने आचार संहिता का पालन करते हुए नामांकन दाखिल किया। ललन कुमार ने नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत भी की। नामांकन प्रक्रिया में भाग लेने वाले दूसरे चेहरे के रूप में लखनऊ कैंट विधानसभा से राष्ट्रवादी पार्टी के उम्मीदवार अजय सिंह रहे। अजय अपने सहयोगियों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे।
इसी बीच, सरोजनी नगर पुलिस ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थकों की गाड़ी सीज़ की। चुनाव प्रचार वाहन स्कॉर्पियो में उम्मीदवार के पोस्टर, स्टिकर के अलावा चुनावी सामग्री को भी जब्त किया गया।
लखनऊ, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर और बांदा जिले की कुल 59 विधानसभा सीटों के लिए चौथे चरण में 23 फरवरी को मतदान होगा। इन सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 03 फरवरी है।
शरद/दीपक
