लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में जून महीने तक 100 और एसी इलेक्ट्रिक सिटी बसें आएंगी। होली बाद 04 प्रोटोटाइप मॉडल इलेक्ट्रिक सिटी बसों का ट्रायल राजधानी में होना है। इसके लिए हरियाणा की धारूहेड़ा कार्यशाला से बसों को लाने की तैयारी चल रही है। फिलहाल राजधानी में 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसों में से 39 बसें रूट पर चल रहीं हैं।
हरियाणा की धारूहेड़ा कार्यशाला में चार इलेक्ट्रिक बसें बनकर तैयार हो गई हैं। कागजी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो होली के बाद इन बसों का ट्रायल शुरू किया जाएगा। ट्रायल में बसों को परखने के बाद और बसें भी लखनऊ आएंगी। इन बसों से प्रदूषण कम होता है। लखनऊ में 260 सिटी बसों के बेड़े में से मात्र 90 सीएनजी बसें ही रूट पर चल रहीं हैं। बाकी बसों का बेड़ा जर्जर हालत में कार्यशाला में है। राजधानी में बढ़ती गर्मी की वजह से लोग इलेक्ट्रिक बसों का भरपूर उपयोग कर रहे हैं। जून माह तक 100 और नई एसी बसों के आने से इलेक्ट्रिक बसों की संख्या140 हो जाएंगी।
नगरीय परिवहन निदेशालय के संयुक्त निदेशक अजीत सिंह ने मंगलवार को बताया कि आने वाले तीन माह में प्रदेश के 14 शहरों के लिए सैकड़ों नई इलेक्ट्रिक बसें आनी हैं। इसमें लखनऊ के लिए 100 और इलेक्ट्रिक बसें आएंगी।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल के बाद नगरीय परिवहन के कार्य ने रफ्तार पकड़ी है। डिपो निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गए हैं। नमूने के तौर पर 04 नई इलेक्ट्रिक बसें ट्रायल के लिए इस माह लखनऊ आएंगी।
लखनऊ में जून माह तक आएंगी 100 और इलेक्ट्रिक सिटी बसें
RELATED ARTICLES
