लखनऊ(हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी(बसपा) के संस्थापक स्व. कांशीराम के 15 वां परिनिर्वाण दिवस के कार्यक्रम की तैयारी पूरी हो गयी है। 09 अक्टूबर को लखनऊ में पुरानी जेल रोड पर स्थित कांशीराम प्रेरणा स्थल में बसपा परिनिर्वाण दिवस का कार्यक्रम करेगी।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा की अध्यक्ष मायावती की उपस्थिति में होने जा रहे परिनिर्वाण के कार्यक्रम में देश और प्रदेश से एक लाख से ज्यादा बसपा कार्यकर्ताओं के आने की संभावना है। इसको देखते हुए बसपा के कार्यकर्ताओं के आने के लिए तय मार्ग से आने की व्यवस्था और दूसरे मार्ग से निकलने की व्यवस्था करायी जा रही है।
गुरुवार को बसपा के जिलाध्यक्ष अखिलेश अम्बेडकर सहित तमाम पदाधिकारियों का कांशीराम प्रेरणा स्थल पर पहुंचना हुआ। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे बसपा जिलाध्यक्ष अखिलेश ने कहा कि कार्यक्रम स्थल की साफ सफाई कराया गया है। बसपा पदाधिकारियों, विधानसभा के प्रभारियों सहित लखनऊ के हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम में पहुंचना होगा।
