लखनऊ (हि.स.)। मंडलायुक्त रौशन जैकब ने बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में ओपन डंपिग नहीं दिखना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सम्बंधित अधिकारी यह भी सुनश्चित कराएं कि सड़कों पर नगर निगम की जो गाड़ियां चल रही हैं, वह ठीक हों। अधिकारी की जवाबदेही तय की जाये।
नगर निगम की सफाई व्यवस्था के सम्बंध में आयुक्त सभागार में बैठक के दौरान मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि कोई भी पीसीटीएस खराब न पड़ा रहे। अगर कोई खराब होता है तो उसे बिना विलंब के तत्काल सही कराया जाए। साथ ही साथ कम्पेक्टर की संख्या बढ़ा ली जाए। सभी सफाईकर्मी 15 दिन के अंदर यूनिफॉर्म में दिखने चाहिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि आरआर विभाग अपना कार्य ठीक से करे। गाड़ियों की मरम्मत, जंग लगी गाड़ियों के डेंटिंग-पेंटिंग के कार्य में शिथिलता दिख रही है। इन सभी कार्यों को 15 दिन के अन्दर कराया जाए। आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य करने वाले और स्थायी कर्मचारियों का रेंडम वेरीफिकेशन कराया जाए।
इसके अलावा शहर के सड़कों के रख-रखाव और सड़कों की स्थिति कहीं भी टूटी-फूटी नहीं होनी चाहिये। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं है। बैठक में नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह, अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
दीपक
