लखनऊ (हि.स.)। तालकटोरा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में एक युवक ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तालकटोरा थाना के सरीपुरा केतन विहार में रहने वाला कुलवंत सिंह (43) ठेकेदारी का कार्य करता था। उसके परिवार में पत्नी पुष्पा (38) और दो बच्चे शरद व अनिरुद्ध है। बच्चों ने बताया कि रोजाना की तरह आज दोपहर को वे लोग कोचिंग गए थे। वापस लौटकर आये तो देखा कि मां की लाश खून से सनी हुई जमीन पर तो पिता का शव पंखे से चादर के सहारे फांसी पर लटक रहा था। यह देखकर उनकी चीख निकल गई और रोते हुए घर के बाहर निकलकर आस पड़ोसियों को जानकारी दी। इधर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो कमरे की दम्पति की लाश देखकर पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक रीकेश कुमार सिंह और अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि सिलबट्टे से वारकर सिर और चेहरे पर वार करके दम्पति की हत्या की गई है। पूछताछ में बेटे ने बताया कि करीब दो माह से मां और पिता के बीच विवाद चल रहा था। दोनों में झगड़ा किस बात का था ये उन्हें नहीं मालूम है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच में यह पता चला है कि महिला किसी से फोन पर बातचीत करती थी, जिसको लेकर भी झगड़ा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दीपक
