-बिना फिटनेस के चलने वाले स्कूली वाहनों पर चालान के साथ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी
लखनऊ (हि.स.)। परिवहन विभाग राजधानी लखनऊ में बिना फिटनेस (अनफिट) के चलने वाले स्कूली वाहनों की धरपकड़ के लिए 11 जुलाई से विशेष चेकिंग अभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान बिना फिटनेस के पकड़े जाने वाले स्कूली वाहनों पर चालान की कार्रवाई के साथ एफआईआर तक दर्ज कराने की तैयारी है।
परिवहन विभाग ने लखनऊ में स्कूल वाहन मालिकों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ का फिटनेस ग्राउंड खोल रखा है। ऐसे में जिन स्कूल वाहनों की फिटनेस नहीं है, उन्हें दो दिन में फिटनेस कराने के लिए मौका दिया गया है। इसके बाद बिना फिटनेस के स्कूल वाहन लखनऊ की सड़कों पर बच्चों को लेकर नहीं चल सकेंगे।
लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार के निर्देश पर आरटीओ प्रवर्तन ने 11 जुलाई (सोमवार) से अनफिट वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान की तैयारियां पूरी कर लीं हैं। चेकिंग के दौरान बिना फिटनेस के स्कूल बस और वैन पकड़े गए तो चालान की कार्रवाई के साथ एफआईआर तक दर्ज कराने की तैयारी है।
संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रवर्तन) संदीप कुमार पंकज का कहना है कि राजधानी लखनऊ में स्कूल से जुड़े करीब 500 और प्राइवेट तौर पर बच्चों को लाने और ले जाने वाले करीब एक हजार स्कूली वाहन बिना फिटनेस के दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए चेकिंग दस्ता तैयार है। सोमवार से सड़कों पर ऐसे वाहनों को रोककर फिटनेस प्रपत्र की जांच शुरू की जाएगी।
दीपक
