लखनऊ (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी की अपराध शाखा सर्विलांस और गोसाईगंज पुलिस ने मुनीम से हुई 34 लाख 50 हजार का खुलासा कर दिया है। चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनायी थी। इस मामले में चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि तीन अगस्त को गोसाईगंज थाने में जानकीपुरम निवासी रिपन कंसल ने तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया कि दो अगस्त को उनके मुनीम भोला सिंह और चालक कमलेश सुलतानपुर वसूली के लिए गये थे। वे लोग वसूली में करीब 34 लाख 50 हजार रुपये लेकर वापस आ रहे थे। बाराबंकी के हैदरगढ़ के पास चालक ने पान मसाला के लिए गाड़ी रोकी, इसी बीच आये तीन अज्ञात युवकों ने उन्हे बंधक बनाकर उनसे रुपये छीनकर भाग गये। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
गोसाईगंज ने तहकीकात के बाद संदेह के आधार पर कमलेश से सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकारा की वारदात अंजाम उसने और उसके साथियों ने मिलकर किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर भिटौली क्रासिंग सीतापुर के पास से एक आरोपित शमशाद को पकड़ लिया है। इनके पास से पुलिस को 16 लाख 90 हजार रुपये कैश मिले हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि लालच में आकर कमलेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनायी थी। पकड़े गए आरोपित शमशाद एक अपराधिक किस्म का व्यक्ति है, उसके खिलाफ सीतापुर थाने में भी मुकदमा दर्ज है। आरोपितों को जेल भेजा जा रहा है।
