लखनऊ(हि.स.) । पॉलीटेक्निक चौराहे से मुंशी पुलिया जा रही एक बोलेरो कार आधी रात के बाद फ्लाईओवर से नीचे गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
डीसीपी नॉर्थ कासिम आब्दी ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे के आसपास बोलेरो (यूपी 32 एनएफ 9617) से चार लोग अयोध्या से शादी समारोह से लौट रहे थे। अयोध्या हाईवे से मुंशी पुलिया की तरफ फ्लाईओवर से होकर वापस लौट रहे थे। उनकी कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया और एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शवों की शिनाख्त इंदिरानगर का प्रियांशु, निशातगंज का अमित और डूडा कॉलोनी निवासी राजकुमार के रूप में की है, जबकि तकरोही निवासी हर्ष की हालत नाजुक बनी हुई है। पॉलीटेक्निक चौकी इंचार्ज भरत पाठक ने बताया कि जांच में पता चला है कि घटना के वक्त गाड़ी की स्पीड काफी ज्यादा थी। जिसे चालक से कंट्रोल ना होने की वजह से डिवाइडर पर चढ़ी, जिसके बाद ये हादसा हुआ है। कार में ओलंपिया जिम के ट्रेनर अमित के नाम पर पंजीकृत है। हादसे के वक्त वह भी गाड़ी में था।
दीपक
