लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त करार देते हुए कांग्रेस ने रविवार को योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बयान जारी कर कहा कि मुरादाबाद से मुगलसराय तक दबंगों का राज चल रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार भाषण से ही शासन चला रही है। भाजपा सरकार तथा पुलिस का इकबाल पूरी तरह से समाप्त हो गया है। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार से मांग कि है कि प्रदेश में समाप्त हो चुकी कानून व्यवस्था को तुरन्त बहाल करे। प्रदेश की जनता इस जंगलराज से छुटकारा चाहती है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस, सरकार को यह आगाह करती है कि यदि प्रदेश की कानून व्यवस्था जल्द सुधारी ना गई तो कांग्रेस पार्टी, भाजपा सरकार के विरुद्ध सड़क से सदन तक प्रदेश की जनता की लड़ाई लड़ेगी।
