Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : भाजपा मण्डल स्तर पर मनाएगी विश्व योग दिवस, मुखर्जी के...

लखनऊ : भाजपा मण्डल स्तर पर मनाएगी विश्व योग दिवस, मुखर्जी के बलिदान दिवस पर करेगी वृक्षारोपण

लखनऊ (हि.स.)।     भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई विश्व योग दिवस पर विभिन्न आयोजनों के साथ ही डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर वृक्षारोपण करेगी। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने आज यहां बताया कि मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले विश्व योग दिवस के कार्यक्रमों में कोविड-19 के नियमों का पालन किया जायेगा। 

 श्री शुक्ला ने बताया कि पार्टी प्रदेश में 1918 मंडलों में 21 जून को विश्व योग दिवस पर योग के कार्यक्रम आयोजित करेंगी। विश्व योग दिवस कार्यक्रम के प्रदेश प्रमुख भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल बिश्नोई, सतपाल सैनी, सुरेंद्र नागर एवं प्रदेश मंत्री देवेश कोरी रहेंगे। 
उन्होंने बताया कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पार्टी प्रदेश के 163000 से अधिक बूथों पर वृक्षारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी। आगामी 23 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के प्रदेश प्रमुख पार्टी की प्रदेश महामंत्री श्रीमती प्रियंका रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, सुनीता दयाल, प्रदेश मंत्री चंद्र मोहन व शंकर गिरी रहेंगे। 
श्री शुक्ला ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने आगामी अभियानों की कार्ययोजना तैयार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयास से भारतीय योग की महत्ता को पूरे विश्व ने स्वीकार किया और 21 जून 2015 से पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जाने लगा। यह समस्त भारतीयों के लिए गौरव का क्षण था। भारतीय जनता पार्टी इस वर्ष प्रत्येक मंडल पर विश्व योग दिवस मनाएगी। मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा अन्य लोग योग करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular