लखनऊ । कांग्रेस पार्टी बढ़ती आवश्यक वस्तुओं की कीमतों व भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा की जा रही पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस में लूट के खिलाफ ब्लाक, तहसील, जिला और राज्य स्तर पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन कार्यक्रम शुरू करने का ऐलान किया है। प्रदेश में आंदोलन की तैयारी को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों व विभागों के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति को अंतिम रूप दिया। कांग्रेस के चरणबद्ध आंदोलन में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, किसान कांग्रेस, मजदूर कांग्रेस, पिछड़ा विभाग, चिकित्सा विभाग, पर्वतीय प्रकोष्ठ, खेल कूद, व्यापार प्रकोष्ठ, सूचना के अधिकार विभाग सहित अन्य सभी कांग्रेस के फ्रंटल संगठन, बेतहाशा महंगाई, डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस के बढ़ते दामों के विरुद्ध आंदोलन में शामिल रहेंगे।
