लखनऊ । समाजवादी पार्टी ने ब्लाक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा सरकार पर धांधली का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में सभी तहसील मुख्यालयों पर कल 15 जुलाई को प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में जन समस्याओं को भी शामिल किया गया है। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी दिया जाएगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि ज्ञापन में सपा बढ़ती महंगाई, नौजवानों की बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमले, हत्याओं पर रोक, किसानों को लाभकारी मूल्य देने और न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी सहित कई विषयों को शामिल किया गया है। गन्ना किसानों का 15 हजार करोड़ रुपये का बकाया भुगतान करने, किसान विरोधी कृषि कानूनों की तत्काल वापसी, डीजल-पेट्रोल-रसोई गैस, बीज, कीटनाशक दवाओं के दाम कम करने आदि की भी मांग की जाएगी। ज्ञापन में महिला अपराधों पर रोक लगाने व सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमें दर्ज न करने, कोरोना काल में सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की जांच कराने, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने आदि की भी मांग की जाएगी। दलितों व अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार बंद करने के साथ ही पिछड़ों को 27 फीसद आरक्षण में कटौती बंद करने की मांग की जायेगी।
लखनऊ : बेरोजगारी, महंगाई व कानून व्यवस्था के मुद्दे सपा का प्रदर्शन आज
RELATED ARTICLES
