लखनऊ । उप्र भाजपा की राज्य कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन कल राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। बैठक में सूबे में करीब छह माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार की जायेगी। हाल में सम्पन्न जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनावों में जीत के बाद पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की यह पहली बैठक होने जा रही है। राजधानी लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर होने वाली इस बैठक में दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से कार्यकारिणी सदस्य, केंद्रीय नेता और प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यसमिति के सदस्य इसमें शामिल होंगे।
विदित हो कि पहले भाजपा कार्यसमिति की बैठक सात जुलाई को होने वाली थी लेकिन केंद्रीय मंत्रिपरिषद विस्तार और पंचायत चुनावों के नाते इसे स्थगित कर दिया गया था। हाल में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने कुल 75 जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर 67 में जीत दर्ज की है। इसमें 21 प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध जीते थे। बाद में 53 जिलों में हुए मतदान में भी भाजपा ने बेहतरीन जीत दर्ज की। भाजपा को एटा, आजमगढ़, बलिया, बागपत, जौनपुर, संतकबीरनगर और प्रतापगढ़ छोड़कर 44 जिलों में जीत मिली है। भाजपा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में से 13 जिलों में, काशी क्षेत्र के 12 जिलों में दस, बृज क्षेत्र के 12 जिलों में 11, कानपुर क्षेत्र के 14 जिलों में 13, अवध क्षेत्र के 13 जिलों में 13 और गोरखपुर क्षेत्र के 10 जिलों में से सात में जीत मिली है।
लखनऊ : बीजेपी कार्यसमिति की बैठक आज, जेपी नड्डा करेंगे उद्घाटन
RELATED ARTICLES
