लखनऊ(हि.स.)। गोमतीनगर के पत्रकारपुरम चौराहे के निकट स्थित एक पार्क में गणपति पूजा का आयोजन पुलिस ने रोक दिया। अखिल भारत हिंदू महासभा ने इसका विरोध करते हुए कहा कि कानून एवं व्यवस्था के नाम पर जबरदस्ती पुलिस के द्वारा गणेश पूजा राेकी जा रही है।
गणेश चतुर्थी को लेकर जगह-जगह पंडाल और गणेश प्रतिमाएं रखी जा रही है। पत्रकारपुरम चौराहे के निकट स्थित एक पार्क पर आयोजकों की ओर से बीतीरात को टेंट लगाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने रोक वहां फोर्स तैनात कर दी गई।
इस मामले को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने बताया कि पूजा के लिए नगर निगम से अनुमति ली गई है। पर्चे बांटे गए हैं। टेंट हाउस और कलाकारों को भुगतान कर दिया गया और अब पुलिस इस आयोजन पर पाबंदी लगा रही है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सुरक्षाकर्मी न लगाने पड़े, उसके लिए प्रशासन ने इतना बड़ा बवाल तैयार किया है। दूसरी तरफ गोमतीनगर के थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पारंपरिक तौर पर जो गणेश पूजा यहां होती थी, वो हमेशा की तरह हो रही है। उन आयोजकों को जिला प्रशासन ने अनुमति दे रखी है।
कहा कि पार्क में जो आयोजन करने का प्रयास किया जा रहा है, उनके पास जिला प्रशासन की अनुमति नहीं है। नगर निगम की अनुमति निरस्त है। उत्तर प्रदेश सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक ”सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक आयोजनों नहीं किए जा सकते।” ऐसे में आयोजन को रोक सरकारी नियमों का पालन कराया जा रहा है।
धनिष श्रीवास्तव
