Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ : पंचायत चुनाव में एकतरफा जीत से जोश हुआ हाई

लखनऊ : पंचायत चुनाव में एकतरफा जीत से जोश हुआ हाई

लखनऊ । जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव में एकतरफा जीत हासिल करने के बाद भाजपा अब मिशन-2022 में जुटने जा रही है। आगामी 16 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है। जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियां ही मुख्य एजेंडा होगा। यह बैठक वर्चुअल होगी, जिसका उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली से करेंगे। प्रदेश के पदाधिकारी और क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा प्रदेश कार्यालय से इस बैठक से जुड़ेंगे। इससे पूर्व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक 15 जुलाई की शाम को प्रदेश कार्यालय में होगी। प्रदेश कार्यसमिति का दिन और समय तय होने की पुष्टि प्रदेश भाजपा के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने की है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के साथ ही भाजपा पूरी तरह से मिशन 2022 में जुट जाएगी। सबकी जिम्मेदारियां तय हो जाएंगी। बैठक में मिलने वाली जिम्मेदारियों पर संबंधित पदाधिकारी विधानसभा चुनाव तक पूरी सक्रियता के साथ काम करता रहेगा। बैठक के दौरान 2017 में हारी हुई सीटों पर जीत कैसे हासिल किया जाए इसकी रणनीति पर चर्चा हो सकती है। प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन पहले से ही केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने में लगे हैं। इस बैठक के बाद मिशन मोड में यह काम बूथ स्तर तक होगा। पार्टी की बूथ कमेटी तक के एक-एक सदस्य इस अभियान से जुड़ेंगे। बता दें कि राज्यों में प्रवास कार्यक्रम के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जब लखनऊ आए थे तो उन्होंने पार्टी के संगठन को बूथ स्तर से भी नीचे पन्ना समिति तक ले जाने का आह्वान किया था। विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस अभियान को भी पार्टी गति देगी। हर बूथ की मतदाता सूची के एक-एक पन्ने में जितने भी मतदाता हैं पन्ना समिति के पदाधिकारी उनसे नियमित संपर्क व संवाद स्थापित करते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular