लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र के कठौता गांव में किराए के मकान में रहने वाली कोमल (28) का शव रविवार को कमरे के अंदर मिला। उसके मुंह से झाग निकला हुआ था। कमरे में व्हाइटनर की छह डिब्बी मिली है। कोमल के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पर, घटना के बाद से पति के फरार हो जाने की वजह से हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पड़ोसियों ने बताया कि कोमल और उसके पति के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मूल रूप से बाराबंकी के सतरिख की रहने वाली कोमल का बड़ा भरवाना निवासी सनी से प्रेम सम्बन्ध था। दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहते थे। तीन दिन पहले ही भरवारा में मकान छोड़ कर कठौता में रहने आये थे। सनी लोहिया अस्पताल के पास बाटी-चोखा का ठेला लगाता था। रविवार शाम को मकान मालकिन ने देखा कि कोमल के कमरे का दरवाजा हल्का खुला हुआ है। उसने अंदर झांका तो मुंह से चीख निकल गई, अन्दर जमीन पर खून से लथपथ कोमल का शव पड़ा हुआ था। इस पर पड़ोसी ने कमरा बाहर से बंद कर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर विभूतिखंड चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि वीडिया कैमरे की निगरानी में दरवाजा खोल कर शव बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया।
