लखनऊ । उत्तरप्रदेश के बहराइच जिले के पयागपुर विकासखंड से क दलित मजदूर गीता देवी निर्विरोध क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनी गईं हैं। भदोही जिले में भी मनरेगा के तहत काम करने वाली महिला मजदूर को सुरयावा ब्लॉक प्रमुख के पद पर निर्विरोध चुना गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला मजदूर के क्षेत्र पंचायत प्रमुख बनने की खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘नये उत्तर प्रदेश में मातृशक्ति का सशक्तिकरण।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘ एक मनरेगा मजदूर की पत्नी ‘क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष’ निर्वाचित हो गई, यही है लोकतंत्र की सुंदरता। जीविका के लिए खेती व मजदूरी पर निर्भर गीता जी पहली बार क्षेत्र पंचायत सदस्य बनी थीं। यह है नये भारत का नया उत्तर प्रदेश।’
मुख्यमंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘ उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार, आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मंत्र ”सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास” को निरंतर चरितार्थ कर रही है। गीता जी का क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष बनना प्रदेश की भाजपा सरकार की वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।’
बेलवा पदुम निवासी गीता देवी शनिवार को निर्विरोध क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनी गईं हैं। उनके पति पवन कुमार मनरेगा जॉब कार्ड धारक हैं और गांव में मजदूर के रूप में काम करते हैं। गांव में उनके पास चार बीघा कृषि भूमि और एक कमरे वाला घर है। गीता 12वीं पास हैं और रोजी-रोटी कमाने के बाद बचे समय में सामाजिक कार्य करती हैं और कोरोना महामारी के दौरान जनसेवा के लिए किए गए कार्यों के लिए प्रसिद्ध हैं।
वहीं भदोही जिले के सुरयावा ब्लॉक प्रमुख पद पर एक महिला श्रमिक अनीता गौतम निर्विरोध चुन ली गईं। अनीता और उनके पति राजेश गौतम जिले के भदोही शहर के भाजपा विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी के चौगुना गांव स्थित आवास में घरेलू कामकाज करते हैं।
विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में अनीता और उनके पति मनरेगा के तहत एक तालाब खुदाई में मज़दूरी करते हैं। पार्टी ने अनीता को सुरयावा ब्लॉक प्रमुख पद के लिये अपना उम्मीदवार बनाया था। अनीता गौतम का पर्चा दाखिल करने खुद विधायक भी साथ गए थे। इस ब्लॉक पर किसी और ने पर्चा नहीं भरा था।
लखनऊ : दलित मजदूर महिला बनी पंचायत प्रमुख, योगी ने कहा यही असली लोकतंत्र
RELATED ARTICLES
