लखनऊ (हि.स.)। आशियाना थाना क्षेत्र में 15 अगस्त को निकली तिरंगा यात्रा में हुए पथराव के मामले में गुरुवार को पुलिस ने फरार मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पांच से अधिक अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक डॉ धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आशियाना थाना क्षेत्र में निकाली गई तिरंगा यात्रा में दो गुट भिड़ गए थे। दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी में कई लोग चोटिल और एक युवक गम्भीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने दूसरे पक्ष के युवक आयुष की तहरीर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आशियाना के उसरी बंगला बाजार निवासी मंगल रावत को सालेहनगर तिराहा के पास से गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी अतिरिक्त निरीक्षक पंकज कुमार राय के नेतृत्व में गठित टीम ने की है।
इस मामले में इससे पहले मुख्य आरोपित दिलीप पाठक, रोहित सिंह उर्फ बच्चा, अंचल सोनकर, विपिन कनौजिया और बाबादीन सहित अन्य कई अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं। बाकि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम जुटी हुई है।
पुलिस कमिश्नर एसबी शिरडकर ने इस घटना को लेकर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरते जाने पर किला चौकी इंचार्ज रंजीत पाठक और बंगला बाजार चौकी इंचार्ज ऋषिकेश राय को लाइन हाजिर कर दिया था।
दीपक
