-डग्गामार बसों की धरपकड़ से रोडवेज की आय में इजाफा
-लखनऊ में प्रति दिन करीब पांच हजार यात्री बढ़े
-बाराबंकी में हुए बस हादसे के बाद डग्गामार बसों की हो रही धरपकड़
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) को डग्गामार बसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से अब सीधा फायदा हो रहा है। रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इससे परिवहन निगम की आय में भी इजाफा हो रहा है।
राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में डग्गामार बसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब दिखने लगा है। सिर्फ लखनऊ में प्रति दिन करीब पांच हजार यात्री बढ़ने से रोडवेज की तकरीबन 20 लाख रुपये की आय बढ़ी है। डग्गामार बसों के बंद होने का असर लखनऊ क्षेत्र के आठ बस अड्डों पर भी पड़ा है। हफ्ते भर में एक लाख आठ हजार यात्रियों से संख्या बढ़कर एक लाख 35 हजार तक पहुंच गई है।
परिवहन निगम के आकड़ों के मुताबिक, गत 27 जुलाई को बाराबंकी में हुए बस हादसे के पहले लखनऊ क्षेत्र से रोजाना एक लाख के करीब यात्री सफर करते थे। 28 जुलाई के बाद से रोडवेज बसों में रोजाना यात्रियों की संख्या बढ़कर एक लाख 35 हजार के पार पहुंच गई है।
डग्गामार बसों के बंद होने से शहर की सीमा पर बने अवैध अड्डे हट जाएंगे। इससे जाम से राहत मिलने के साथ हादसों में भी कमी आएगी। इसके अलावा यात्रियों की कमी से जूझ रहे रोडवेज बसों को और अधिक यात्री मिलेंगे, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि डग्गामार बसों के खिलाफ चल रहे चेकिंग अभियान से आने वाले दिनों में कई तरह के असर देखने को मिलेंगे। इसका सीधा फायदा परिवहन निगम के साथ यात्रियों को भी होगा।
