लखनऊ (हि.स.)। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के मस्तेमऊ में बबूल के जंगल में गुरुवार को एक सिर कटा शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रथमदृष्टया पुलिस इसे हत्या से जोड़कर मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी विजयेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मस्तेमऊ में बबूल के जंगल में गुरुवार दोपहर ग्रामीणों ने एक सिर कटा शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कटे सिर की तलाश की। कुछ दूरी पर जूते और बेल्ट मिला है। पुलिस यह अंदाजा लगा रही है कि यह सामान भी मृतक का होगा। हालांकि कटा सिर नहीं मिल सका। मृतक के शरीर पर अंडरवियर के अलावा कोई कपड़ा नहीं था। युवक की उम्र करीब तीस साल है और शव तीन से चार दिन पुराना है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों व जिलों में सूचना दे दी गई है। गुमशुदा लोगों से मृतक के हुलिए का मिलान कराया जा रहा है। जल्द ही शव की शिनाख्त कर घटना का खुलासा किया जायेगा।
