-डिस्पोजेबल बेडरोल की कीमत 50 रुपये से शुरू होकर 250 रुपये तक होगी
-बेडरोल को सफर समाप्त होने के बाद यात्री अपने घर ले जा सकेंगे
-वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर है डिस्पोजेबल बेडरोल की सुविधा
लखनऊ (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने लखनऊ जंक्शन पर एक निजी संस्था के साथ मिलकर डिस्पोजेबल बेडरोल की सुविधा शुरू की है। इस बेडरोल को सफर के बाद यात्री अपने घर भी ले जा सकेंगे। फिलहाल यात्रियों के लिए यह व्यवस्था वैकल्पिक है।
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रशासन ने कोरोना की वजह से ट्रेनों में बेडरोल पर लगी रोक से परेशान यात्रियों को राहत देने के लिए नई शुरुआत की है। लखनऊ जंक्शन पर एक निजी संस्था के साथ मिलकर जरूरतमंद यात्रियों को अब स्वच्छ डिस्पोजेबल बेडरोल दिए जाएंगे। इसे यात्री सफर के बाद अपने घर भी ले जा सकेंगे।
लखनऊ जंक्शन के जनाहार के पास यात्रियों को 50 रुपये में एक डिस्पोजेबल बेडशीट, फेसमास्क,ग्लब्स और सैनिटाइजर का पाउच मिलेगा। जबकि 100 रुपये में दो बेडशीट,तकिया कवर, फेसमास्क, ग्लब्स,हेडकैप, सैनिटाइजर दिया जाएगा। 200 रुपये में इन वस्तुओं के साथ एक कंबल भी दिया जाएगा। 250 रुपये में कंबल और इन वस्तुओं के साथ फेसशील्ड भी दी जाएगी।
लखनऊ मंडल की डीआरएम डॉ मोनिका अग्निहोत्री का कहना है कि यात्रियों को बेडरोल न मिलने से असुविधा हो रही थी। इसीलिए एक निजी फर्म के साथ मिलकर रेलवे ने यात्रियों को कम दर पर स्वच्छ और सुरक्षित बेडरोल देने की सुविधा शुरू की है। यह एक वैकल्पिक व्यवस्था है।
दरअसल, कोरोना के संक्रमण के कारण रेलवे ने पिछले साल मार्च में ही ट्रेनों में बेडरोल की आपूर्ति पर रोक लगा दिया था। इसके चलते विशेष तौर पर एसी क्लास के यात्रियों को अपने घरों से ही बेडरोल लेकर चलना पड़ रहा है। जिससे उनके साथ एक लगेज और बढ़ जा रहा है। यात्रियों ने बेडरोल की सुविधा शुरू करने की मांग भी की है।
