लखनऊ(हि.स.)। तेलीबाग चौकी क्षेत्र में छेड़छाड़ की शिकार लड़की को एसआई अजीत पांडेय ने घर में घूसकर जेल भेजने की धमकी दी। लड़की का आरोप है कि एसआई अजीत पांडेय और उनके साथ एक महिला सिपाही उनके घर में घूस आये और उन्हें मिलकर धमकाया।
लखनऊ के जगतखेड़ा इलाके में संचालित अस्पताल श्रीसाई लाइफ के मैनेजर ने एक लड़की के साथ छेड़छाड़ किया। लड़की के पुलिस चौकी पर जाने पर उसे वहां कोई नहीं मिला। कुछ समय के बाद पहुंचे एसआई अजीत ने लड़की को खरी-खरी सुनाकर घर भेज दिया। इसके बाद अजीत पांडेय लड़की के घर पहुंचें और वहां धारा 306 लगाने की धमकी दी। लड़की को जेल भेजने और सच ना बोलने पर थप्पड़ मारने तक की बात कह डाली।
लड़की ने कहा कि पुलिस के रवैये से तंग आकर वह बड़े अधिकारियों से मिलने आयी है। अस्पताल के मैनेजर ने उसके साथ छेड़छाड़ किया है और उनके शरीर के कुछ जगहों को हाथ लगाया है। इसके बाद मैनेजर से खुद को बचाते हुए उसने धक्का दिया है। जिसके बाद मैनेजर खुद को चोटिल बता रहा है और पुलिस उसकी मदद कर रही हैं।
लड़की पहले श्रीसाई लाइफ अस्पताल में कार्यरत रही और मैनेजर ने उसके साथ छेड़छाड़ किया तो लड़की ने उसके साथ हाथापाई की। इसके बाद मैनेजर ने लड़की को नौकरी से भी निकाल दिया।
