लखनऊ (ईएमएस)। प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात सात आईपीएस अफसरों का तबादला किया है। इन तबादलों में चार जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी बदले गए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार जालौन, सिद्धार्थनगर, कासगंज तथा हमीरपुर जिले में नए पुलिस अधीक्षक तैनात किए हैं। 2013 बैच के आईपीएस अफसर यशवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक जालौन से इसी पद पर सिद्धार्थनगर भेजा गया है। लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात पुलिस उपायुक्त 2015 बैच के अफसर रवि कुमार को एसपी जालौन बनाया गया है। आगरा के एसपी सिटी के पद पर तैनात 2016 बैच के आईपीएस अफसर बोत्रे रोहन प्रमोद को कासगंज में एसपी के पद पर तैनाती मिली है। आईपीएस कमलेश कुमार दीक्षित को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना गोरखपुर से एसपी हमीरपुर के पद पर ट्रांसफर किया गया है। राम अभिलाष त्रिपाठी पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ नगर से पुलिस अधीक्षक अभिसूचना इकाई गोरखपुर में तैनात किया गया है। लंबे समय से पुलिस अधीक्षक कासगंज के पद पर तैनात रहे मनोज सोनकर का तबादला सेनानायक 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर के पद पर किया गया है। वहीं नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी हमीरपुर से सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा में तैनाती दी गई है।
