Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ: गांवों में कोरोना रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य की जरूरत:...

लखनऊ: गांवों में कोरोना रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य की जरूरत: मायावती


लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के बाद गांवों में कोरोना संक्रमण फैलने की खबरें मिल रही हैं और सरकार को इसकी रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने की सख्त जरूरत है। मायावती ने एक ट्वीट में कहा, लोग काफी दहशत में हैं। सरकार को इसकी रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने की सख्त जरूरत है, बसपा की यह मांग है।
उन्होंने कहा, साथ ही, हाल ही में देश के जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म हुये हैं, वहां शहरों के साथ-साथ देहातों में भी कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप काफी तेजी से फैल रहा है। वहां की राज्य सरकारों को भी इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, बसपा की यह सलाह है। मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा, माननीय उच्चतम न्यायालय ने भी हाल ही में राज्यों को कोरोना संक्रमण के इलाज के लिए ऑक्सीजन के बंटवारे व आपूर्ति आदि को लेकर अपने फैसले में केन्द्र सरकार को जो कदम उठाने के खास निर्देश दिये हैं, सरकार उन पर शीघ्र ही पूरी तरह से अमल जरूर करे तो बेहतर होगा। वहीं, कुछ देर पहले खबर सामने आई थी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमितों को समुचित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संक्रमितों के इलाज में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। हर प्रदेशवासी के जीवन की सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता अक्षम्य होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी उन सभी स्थानों को चिह्नित करें, जहां कोविड अस्पताल बनाए जा सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular