Tuesday, February 17, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ के होटल में मिली युवती की लाश, प्रेमी हिरासत में

लखनऊ के होटल में मिली युवती की लाश, प्रेमी हिरासत में

-युवती के साथ दूसरे कमरे में ठहरा कथित भाई फरार, तलाश में पुलिस

लखनऊ (हि.स.)। कैसरबाग थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में मंगलवार को युवती की लाश मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर युवती के प्रेमी को हिरासत में लिया है। युवती दो दिन से प्रेमी और कथित भाई के साथ होटल में ठहरी हुई थी। घटना के बाद कथित भाई मौके से फरार है।

एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना के संबंध में बताया कि होटल जस्ट इन-9 के कमरा नम्बर 924 से एक युवती की लाश मिली है। मृतका की पहचान बैग में मिले आधार कार्ड से बासमंडी के गुरुद्वारा रोड निवासी चंद्रा त्रिपाठी के रूप में हुई है।

पूछताछ में होटल के स्टॉफ से पता चला है कि युवती रविवार को सुशांत गोल्फ सिटी निवासी नितिन द्विवेदी के साथ यहां पर आयी थी। वो कमरा नम्बर 901 में ठहरी थी। सोमवार की शाम सुलतानपुर निवासी एक युवक होटल में आया, जिसने यह बताया कि वो युवती का भाई है।

युवती उसे लेकर कमरा नम्बर 924 में चली गई जबकि उसका प्रेमी 901 में रुका हुआ था। मंगलवार की सुबह प्रेमी नितिन ने चंद्रा को कई कॉल की, लेकिन जब उसका फोन नहीं उठा तो उसने कथित भाई से पूछा।

उसने बताया कि वह बाथरुम में है। काफी देर हो गई जब उसकी चंद्रा से बात नहीं हुई तो वह कमरे में पहुंचा तो देखा कि उसका कथित भाई गायब है और बाथरूम का दरवाजा भीतर से बंद है। उसने दरवाजा खोलने की कोशिश की, जब नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को बुलवाया।

इस दौरान शक होने पर होटल कर्मियों ने पहले ही पुलिस को सूचना दे दी थी। पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि बाथरूम में चंद्रा का शव पड़ा है। नितिन को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एडीसीपी ने बताया जांच में पता चला कि चंद्रा इंद्रानगर में एक पेइंग गेस्ट हॉस्टल में रहती है। उसके परिवार में कोई नहीं है। हॉस्टल के कर्मचारियों को बुलाया गया है। प्रेमी नितिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular