लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने 82401 वाराणसी-इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन लखनऊ के रास्ते मंगलवार अपराह्न 02:45 बजे से शुरू कर दिया है। इस ट्रेन के चलने से उज्जैन के महाकाल का दर्शन करने वाले जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह ट्रेन कोरोना काल से बंद थी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, 82401 वाराणसी-इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन लखनऊ के रास्ते मंगलवार अपराह्न 02:45 बजे से शुरू कर दिया गया है। यह ट्रेन सुल्तानपुर से अपराह्न 04:40 बजे और लखनऊ से शाम 07:20 बजे होते हुए दूसरे दिन 1133 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए इंदौर जंक्शन पर सुबह 09:05 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह से वापसी में 82402 इंदौर-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन लखनऊ होकर 17 नवम्बर से चलाई जाएगी। यह सुपरफास्ट ट्रेन इंदौर जंक्शन से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन लखनऊ से रात 12:35 बजे होते वाराणसी जंक्शन पर सुबह 05 बजे पहुंचेगी। ट्रेन अप-डाउन दोनों तरफ सुल्तानपुर,लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, झांसी जंक्शन,बीना जंक्शन, संत हिरदाराम नगर, उज्जैन और इंदौर जंक्शन पर रुकेगी। ट्रेन के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के हैं। यात्रियों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है।
