Wednesday, January 14, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ के दुबग्गा डिपो में एक साथ चार्ज हो सकेंगी 30 इलेक्ट्रिक...

लखनऊ के दुबग्गा डिपो में एक साथ चार्ज हो सकेंगी 30 इलेक्ट्रिक बसें

– इलेक्ट्रिक बसों को अचानक चार्ज करने का विकल्प तैयार

– शहर के चार और स्थानों पर लगेंगे अतिरिक्त चार्जर

– पहले चरण में लखनऊ में 25 इलेक्ट्रिक बसों का होगा संचालन

– नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव तैयार

लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ के दुबग्गा डिपो में अब एक साथ 30 इलेक्ट्रिक बसें चार्ज हो सकेंगी। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। राजधानी में पहले चरण में 25 नई अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें आने वाली हैं। इन बसों का शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से कराने की तैयारियां चल रही हैं। फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

नगरीय परिवहन निदेशालय लखनऊ में यात्रियों को और बेहतर आवागमन की सुविधा देने के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक एसी बसों का आवंटन पहले ही कर चुका है। इनमें से 25 इलेक्ट्रिक बसों की पहली खेप 16 सितम्बर को आने वाली है। दुबग्गा डिपो में एक साथ 30 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है। नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। बसों के संचालन के लिए अभी दस रूट तय किए गए हैं। इलेक्ट्रिक बसों की कमान जिन चालकों को सौंपी जानी है,उन्हें प्रशिक्षित करने की तैयारी चल रही है।

इलेक्ट्रिक बसों को तेजी से चार्ज करने के लिए 24 नए चार्जर आए

इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए 24 नए चार्जर आ गए हैं। इन्हें शहर के चार अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया जाएगा। दुबग्गा डिपो में 15 चार्जर लगाए जाएंगे। इसके अलावा राजधानी के रामराम बैंक चौराहा पर दो, गोमती नगर विराजखंड में तीन और पी-04 पार्किंग में चार चार्जर स्थापित किए जाएंगे। ताकि अपरिहार्य स्थिति में इलेक्ट्रिक बसों को तत्काल चार्ज किया जा सके। ये चार्जर नई तकनीक से युक्त हैं। इनमें फास्ट चार्जिंग की व्यवस्था है। एक इलेक्ट्रिक बस को चार्ज करने में करीब 45 मिनट का समय लगेगा।

नगरीय परिवहन निदेशालय के संयुक्त निदेशक अजीत सिंह ने सोमवार को बताया कि इलेक्ट्रिक बसों को अचानक चार्ज करने का विकल्प तैयार कर लिया गया है। लखनऊ में इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए 24 नए चार्जर आ गए हैं। इनको शहर के चार अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया जाएगा।

दुबग्गा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि पहले चरण में 25 नई इलेक्ट्रिक बसें आने वाली हैं। इनके संचालन की तैयारियां तेजी से चल रही है। दुबग्गा डिपो के वर्कशॉप में एक साथ अब 30 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चार्ज हो सकेंगी।

इलेक्ट्रिक सिटी बसों के 24 चार्जिंग पॉइंट तैयार हो गए हैं। इनमें से 15 पॉइंट दुबग्गा डिपो में और 09 पॉइंट रूट पर हैं। एक चार्जिंग पॉइंट से एक साथ दो इलेक्ट्रिक बसेें चार्ज होंगी। नई इलेक्ट्रिक बसों की पहली खेप आने के बाद दूसरी खेप एक माह के अंतराल पर आ जाएगी। नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर में यात्रियों को और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। फिलहाल लखनऊ में अभी 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन कई रूटों पर किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular