Saturday, April 11, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ के चारों बस अड्डों से दीपावली स्पेशल बसों के संचालन की...

लखनऊ के चारों बस अड्डों से दीपावली स्पेशल बसों के संचालन की कार्य योजना तैयार

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने लखनऊ के चारों बस अड्डों से दीपावली स्पेशल बसों के संचालन की कार्य योजना तैयार कर ली है। लखनऊ से बसों के संचालन के लिए अभी 10 प्रमुख रूट चिह्नित किए गए हैं। इन रूटों पर 31 अक्टूबर से बसों के संचालन की तैयारी चल रही है।

राजधानी लखनऊ के कैसरबाग, आलमबाग, चारबाग और अवध बस अड्डे से 262 रोडवेज बसों के संचालन की रूपरेखा तैयार की गई है। इनमें एसी जनरथ, पिंक, स्लीपर और साधारण बसें शामिल हैं। इस बार लग्जरी वोल्वो, स्कैनिया बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।

दीपावली से पहले ही 31 अक्टूबर से लखनऊ से 10 प्रमुख रूटों पर रोडवेज बसों के संचालन की तैयारी चल रही है। इसमें लखनऊ से गोरखपुर, दिल्ली, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, कानपुर, आजमगढ़, देहरादून, हरिद्वार और वाराणसी रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इन बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है। परिवहन निगम ने करीब 74 एसी बसों को विकल्प के तौर पर भी तैयार किया है।

दीपावली के त्योहार पर लखनऊ-दिल्ली रूट पर यात्रियों का सर्वाधिक दबाव रहता है। इस रूट पर पहले 32 बसें चलाए जाने का निर्णय लिया गया था लेकिन अब 51 बसें संचालित की जाएंगी, ताकि यात्रियों को दिक्कतें न होने पाए।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस का कहना है कि दीपावली पर लखनऊ से दस प्रमुख रूटों पर बसों के संचालन की कार्य योजना तैयार की गई है। सभी प्रमुख रूटों पर यात्रियों की मांग के अनुसार बसों को बढ़ाया भी जाएगा। इस बार लग्जरी वोल्वो और स्कैनिया बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। इसलिए विकल्प के तौर पर एसी जनरथ बसों को लगाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular