Sunday, February 15, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडललखनऊ के चारों बस अड्डों से 25 मार्च से चलेंगी होली...

लखनऊ के चारों बस अड्डों से 25 मार्च से चलेंगी होली स्पेशल बसें

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) लखनऊ के चारों बस अड्डों से 25 मार्च से होली स्पेशल बसें चलाएगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही है। 

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने होली के पर्व को देखते हुए पूरे प्रदेश में बसों के संचालन की योजना तैयार कर ली है। लखनऊ के आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग और अवध बस अड्डे से 25 मार्च से दो अप्रैल तक होली स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। फिलहाल अभी तकरीबन 310 अतिरिक्त बसों का संचालन लखनऊ क्षेत्र से करने की तैयारी है। इनमें एसी वॉल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ, पिंक के साथ-साथ साधारण बसें भी शामिल हैं। 
लखनऊ से चलने वाली होली स्पेशल बसें

परिवहन निगम प्रशासन ने लखनऊ से दिल्ली के लिए करीब 60 बसें, वाराणसी के लिए तीन बसें, प्रयागराज के लिए चार बसें, मथुरा के लिए दो बसें, आगरा के लिए दो बसें, जयपुर के लिए दो बसें, गोरखपुर के लिए 35 बसें,आजमगढ़ के लिए 25 बसें, बहराइच के लिए 20 बसें, गोंडा के लिए 15 बसें, बलरामपुर के लिए 10 बसें, हरदोई के लिए पांच बसें, कानपुर के लिए 20 बसें, सीतापुर और लखीमपुर के लिए 20 बसें चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। 
इसके अलावा रायबरेली से दिल्ली वाया आगरा एक्सप्रेस-वे के लिए करीब 17 बसें, रायबरेली से कानपुर के लिए 25 बसें, रायबरेली से लखनऊ लिए 45 बसें चलाई जाएंगी। रोडवेज बसों को आवश्यकता अनुसार किसी भी रूट पर घटाया और बढ़ाया भी जा सकेगा। 
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने शनिवार को बताया कि होली का पर्व नजदीक आ गया है। इसलिए होली स्पेशल बसों के संचालन के लिए परिवहन निगम प्रशासन की योजना तैयार हो गई है।  होली के नजदीक यात्रियों का सबसे अधिक आवागमन लखनऊ-दिल्ली रूट पर होता है। इसलिए लखनऊ-दिल्ली रूट पर सबसे अधिक होली स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। 
उन्होंने बताया कि लग्जरी सिगमेंट की बसों को भी रूट पर लाया गया है। इनमें खास तौर पर वॉल्वो, स्कैनिया, जनरथ, पिंक आदि श्रेणी की बसें हैं। यात्री होली के दौरान आवागमन करने के लिए सीटों की अग्रिम बुकिंग परिवहन निगम की वेबसाइट http://www.upsrtc.com पर ऑनलाइन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन यात्रियों को ऑनलाइन बुकिंग के बारे में नहीं पता है। वे लखनऊ के किसी भी बस अड्डे पर जाकर टिकट बुक करवा सकते हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular