Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के चारों बस अड्डों से एक नवम्बर से नॉन-स्टॉप बसों के...

लखनऊ के चारों बस अड्डों से एक नवम्बर से नॉन-स्टॉप बसों के संचालन की तैयारी

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) राजधानी लखनऊ के आलमबाग, कैसरबाग, चारबाग और अवध बस अड्डे से चुनिंदा रूटों पर एक नवम्बर से नॉन-स्टॉप बसों के संचालन की तैयारी में है। बसों के संचालन के लिए अभी 08 रूट चिह्नित किए गए हैं। 
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बुधवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज प्रशासन चुनिंदा रूटों पर नॉन-स्टॉप बसें एक नवम्बर से चलाने की तैयारी में है। इसके लिए 08 रूट चिह्नित किए गए हैं। बाकी क्षेत्रों से अभी और रूट चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है।फिलहाल नॉन-स्टॉप बसें कम से कम 50 और अधिकतम 125 किलोमीटर की दूरी के लिए चलाई जाएंगी।
 उन्होंने बताया कि लखनऊ के आलमबाग, कैसरबाग, चारबाग और अवध बस अड्डे से चिन्हित किए गए 08 रूटों पर नॉन-स्टॉप बसें चलाने की तैयारी चल रही है। राजधानी से अयोध्या, बहराइच, कानपुर, हरदोई, उन्नाव, सीतापुर और लखीमपुर के रूट नॉन-स्टॉप बसों के संचालन के लिए चिन्हित किए गए हैं। इन रूटों पर नॉन-स्टॉप बसों के संचालन के लिए समय सारिणी जल्द ही तय की जाएगी। नॉन-स्टॉप बसों का संचालन शुरू होने से लोग सुबह के समय कार्यालय समय से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा शाम को कार्यालय से छूटने के बाद अपने घर भी आसानी से पहुंच सकेंगे।
 

RELATED ARTICLES

Most Popular