लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त चारबाग रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक मॉडल स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए चारबाग रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों को शिफ्ट भी किया जाएगा।
राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन को करीब 1800 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक बनाने की तैयारी है। ऐसे में चारबाग स्टेशन पर ट्रेनों और यात्री लोड को भी कम किया जाएगा। इसके लिए चारबाग रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है, ताकि आने वाले दिनों में चारबाग स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाने में कोई दिक्कत है न आने पाए।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर इस समय ट्रेनों और यात्रियों का भार अधिक होने के चलते अपग्रेडेशन का कार्य करने में दिक्कतें आ रहीं हैं। ऐसे में ट्रेनों को एलिवेटेड रूट पर शिफ्ट करके चारबाग स्टेशन का अपग्रेडेशन शुरू किया जाएगा। चारबाग स्टेशन पर एस्केलेटर, लिफ्ट, अंडरग्राउंड पार्किंग और कॉन्कोर्स आदि बनाए जाएंगे। इसके अलावा यहां से गुजरने वाली 30 नॉन-प्रीमियम ट्रेनों को शिफ्ट करने की तैयारी है। ट्रेनों को उतरेटिया से ट्रांसपोर्टनगर के बीच बन रहे एलिवेटेड रूट पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का लोड कम किया जा सकेगा। ट्रेनों और यात्रियों के भार को कम करने के लिए उतरेटिया से ट्रांसपोर्टनगर के बीच नई लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है।
लखनऊ के उतरेटिया से ट्रांसपोर्टनगर एलिवेटेड रेल लाइन पर इस समय मालगाड़ियां चल रही हैं। जब ट्रेनों को इस रूट पर शिफ्ट किया जाएगा तो मालगाड़ियों के साथ पैसेंजर, मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें भी दौड़ती दिखेंगी। इसके लिए तैयारियां जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम सुरेश कुमार सपरा का कहना है कि चारबाग रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने के लिए ट्रेनों को शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। ट्रांसपोर्टनगर में यात्री सुविधाओं के लिए लिहाज से अभी कुछ कार्य बाकी है। कार्य के पूरा होते ही ट्रेनों को शिफ्ट किया जाएगा।
दीपक
