लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ के कपूरथला बाजार को सेन्ट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट की तर्ज पर पुनर्विकसित कर उसकी तस्वीर बदलने की तैयारी शुरू हो गयी। कपूरथला पर मल्टीलेवल पार्किंग, पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही फुटपाथ से अवैध कब्जों को हटाकर पैदल यात्रियों के लिए बैरियर फ्री पेवमेंट तैयार कराया जाएगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने रविवार को कपूरथला मार्केट के स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को सुना। पार्किंग, अवैध कब्जों व महिलाओं के लिए टॉयलेट न होने की समस्या को व्यापारी वर्ग ने सबके समक्ष रखा। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्किंग एरिया से हर प्रकार के अवैध अतिक्रमण, कब्जों को तुरंत हटाया जाए। इसके साथ ही मार्केट के लीज प्लान का परीक्षण करके अवैध कब्जेदारों को चिन्हित किया जाए तथा सम्बंधित के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए जगह खाली करायी जाए।
उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि ने अभियंताओं से कहा कि मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग व पिंक टॉयलेट बनाने के लिए स्थान चिन्हित किया जाए। इसके लिए मार्केट के पीछे स्थित पार्क में अंडरग्राउंड पार्किंग विकसित किये जाने के विकल्प का भी परीक्षण करा लिया जाए। फुटपाथ से अवैध कब्जों, अतिक्रमण को हटाकर पैदल यात्रियों के लिए बैरियर फ्री पेवमेंट विकसित किया जाएं। कपूरथला में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए वन-वे ट्रैफिक एवं टाइम बेस्ड वेन्डिंग के विकल्पों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
उपाध्यक्ष ने आर्किटेक्ट रजनीश अग्रवाल को स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक करके कपूरथला बाजार को सीबीडी की तर्ज पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये। मौके पर अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा, सहायक अभियंता प्रवीण कुमार, सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता जाकिर अली समेत व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चारबाग फुटओवर ब्रिज पर लगेगी लिफ्ट
चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने बने फुटओवर ब्रिज पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्टें लगायी जाएगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने रविवार को वहां निरीक्षण करके सहायक अभियंता केबी गुप्ता को इस सम्बंध में निर्देश दिये हैं।
बटलर पार्क में बनेगा ओपन जिम
प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने बटलर पैलेस पार्क का भी निरीक्षण किया। पार्क में औद्यानिकीकरण का आकर्षक कार्य कराया जाए। इसके अलावा बच्चों के खेलकूद के लिए झूले लगाने के साथ व्यवस्कों के लिए ओपन जिम बनाया जाए।
शरद
