लखनऊ(हि.स.)। राजधानी लखनऊ में स्वच्छताकर्मी अब पीपीई किट पहनकर कूड़ा उठायेंगे। स्वच्छता कर्मचारियों को पीपीई किट उपलब्ध करा दी गयी है। नगर आयुक्त अजय द्विवेदी के निर्देशानुसार सभी स्वच्छताकर्मी को आगे से पीपीई किट पहनकर ही ड्यूटी करनी होगी।
नगर निगम के स्वच्छता कर्मचारियों को पीपीई किट उपलब्ध कराते हुए नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट रुप से कहा है कि कोई भी कूड़ा उठाने वाला स्वच्छताकर्मी बिना पीपीई किट के ड्यूटी नहीं करेगा। नगर निगम नहीं चाहता है कि कोई कर्मचारी कूड़े से संक्रमित होकर बीमार पड़े।
ब्रांडेड पीपीई किट को पाने वाले स्वच्छताकर्मियों ने खुशी जाहिर करते हुए नगर आयुक्त, महापौर और अन्य अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उनका कहना है कि कूड़ा के संक्रमण से बीमारी का खतरा तो बना ही रहता है। फिर कोरोना की तिसरी लहर के भी आने की आशंका है।
नगर आयुक्त की इस पहल से वे सभी खुश है और स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हुए पीपीई किट पहनकर ड्यूटी करनी शुरु कर दिया है। लखनऊ के ज्यादातर इलाके में आज से साथी कर्मचारियों ने भी किट के उपयोग की शुरुआत कर दी है।
