Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ की ऐशबाग की रामलीला का यूट्यूब, फेसबुक पर होगा लाइव प्रसारण

लखनऊ की ऐशबाग की रामलीला का यूट्यूब, फेसबुक पर होगा लाइव प्रसारण

लखनऊ (हि.स.)। श्री रामलीला समिति ऐशबाग, लखनऊ के तत्वावधान में समिति के तुलसी सभागार में कोरोना प्रोटोकाल के अन्तर्गत ऑनलाइन 7 से 16 अक्टूबर तक दस दिवसीय श्रीरामोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस बात की जानकारी श्री रामलीला समिति के सचिव पंडित आदित्य द्विवेदी और अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल ने संयुक्त रूप से एक प्रेसवार्ता में दी। लीला को दर्शक फेसबुक, यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण देख सकेंगे। दशहरा कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होंगे।

पंडित आदित्य द्विवेदी ने बताया कि रामोत्सव के प्रथम दिन 7 अक्टूबर को कोलकता के प्रसिद्ध नाट्य गुरु भास्कर बोस के निर्देशन में रामलीला की शुरुआत विष्णु वंदना से होगी। इसके बाद देवताओं द्वारा विष्णु जी की आराधना, पुत्रयेष्टि यज्ञ, रामजन्म, बाललीला, आश्रम से राजमहल में चारों राजकुमारों का आगमन, अयोध्या में विश्वामित्र का आगमन, ताड़का वध, मारीच सुबाहु वध और अहिल्या उद्धार लीला होगी।

इसी क्रम में 08 अक्टूबर को सरिता सिंह के निर्देशन में उड़ान डांस एकेडमी के कलाकारों द्वारा महिषासुरमर्दिनी नृत्य नाटिका का मंचन होगा। इसी के साथ संगीत नाटक एकेडमी नई दिल्ली के विनय तिवारी के निर्देशन में स्तुति नृत्य होगा। इसी दिन रामलीला के क्रम में विश्वामित्र का जनकपुरी आगमन, धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर और राम सीता विवाह लीला का मंचन किया जाएगा। इसी के साथ श्रीराम लीला समिति ऐशबाग द्वारा काव्य संगम का भी आयोजन किया जाएगा।

पंडित द्विवेदी ने बताया रामोत्सव के तीसरे दिन 09 अक्टूबर को राम सीता का जनकपुर से अयोध्या प्रस्थान, राम राज्याभिषेक की घोषणा, मंथरा कैकई संवाद, कैकई दशरथ संवाद और राम बनवास लीला का मंचन होगा। उन्होने बताया कि रामोत्सव के चौथे दिन 10 अक्टूबर को लीला में प्रजा विद्रोह, निषाद राज एवं राममिलन, केवट संवाद, चित्रकूट गमन, सुमंत का आगमन, दशरथ विलाप, दशरथ मरण और भरत की ननिहाल से वापसी, कैकई भरत संवाद, भरत द्वारा कैकई त्याग, भरत कौशल्या संवाद लीला का मंचन किया जाएगा।

इसी प्रकार रामोत्सव के पांचवें दिन 11 अक्टूबर को लीला में भरत का चित्रकूट प्रस्थान, भरत निषाद राज मिलन, राम भरत मिलन, राम पादुका लेकर भारत का अयोध्या प्रस्थान लीला का मंचन किया जाएगा।

हरीश चन्द अग्रवाल ने बताया की 12 अक्टूबर को पंचवटी में कुटिया का निर्माण, सूर्पनखा नासिका विच्छेदन, रावण का राज दरबार, सीता हरण, जटायु वध लीला का मंचन होगा। 13 अक्टूबर को राम शबरी मिलान, राम सुग्रीव मित्रता, सुग्रीव बाली युद्ध, बाली वध और तारा विलाप लीला का मंचन होगा।

बताया की 14 अक्टूबर को सीता खोज, स्वयंप्रभा मिलन, हनुमान का लंका प्रस्थान, सीता रावण संवाद, सीता हनुमान संवाद, अशोक वाटिका विध्वंस और लंका दहन लीला का मंचन किया जाएगा।

हरीश चन्द अग्रवाल ने बताया की 15 अक्टूबर को दशहरे के दिन लंका पर आक्रमण, दुर्मख वध, कुंभकरण वध, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ वध, रावण मंदोदरी संवाद, मयदानव संवाद, रावण वध, पुतला दहन और भव्य आतिशबाजी होगी। इस दिन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा होंगे।

बताया कि रामोत्सव का समापन 16 अक्टूबर को होगा भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक होगा। श्री अग्रवाल ने बताया की रामोत्सव-2021 के सभी कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण श्री रामलीला समिति के यूट्यूब, फेसबुक और वेबसाइट पर किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular