Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ, कानपुर और प्रयागराज में काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग में की जाए वृद्धि: योगी...

लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज में काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग में की जाए वृद्धि: योगी आदित्यनाथ

-कहा-पुलिस फाॅरेंसिक विवि के निर्माण को सभी औपचारिकताएं पूरा कर शीघ्र निर्माण कार्य हो शुरू 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद लखनऊ, कानपुर नगर तथा प्रयागराज में काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग में वृद्धि किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में इस कार्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग की कार्यवाही सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जाए।
मुख्यमंत्री बुधवार को यहां लोक भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने तथा कोरोना की बेहतर उपचार व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है। इस उद्देश्य के साथ प्रदेश सरकार रणनीति बनाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रति लोगों को सतत जागरूक किया जाए। एल-2 तथा एल-3 कोविड चिकित्सालय में बेड की संख्या में वृद्धि की कार्यवाही लगातार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को कोरोना के मद्देनजर प्रशिक्षण देकर कोविड अस्पतालों में मैनपावर बढ़ाने की कार्यवाही में तेजी लायी जाए। चिकित्सा कर्मियों को मेडिकल संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए उन्हें पीपीई किट, ग्लव्स, मास्क एवं सेनिटाइजर की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना से संक्रमित मरीजों से सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से भी संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी प्राप्त की जाए।  
उद्यमियों तथा निवेशकों के प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर बल देते हुए उन्होंने उद्योग बन्धु की बैठक को जल्द आयोजित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे इस बैठक में उद्यमियों से संवाद स्थापित करते हुए उनका फीडबैक प्राप्त करेंगे। जीएसटी के जरिए राजस्व वृद्धि के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सम्बन्ध में एक कार्य योजना बनाकर उसे लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में वे वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस फाॅरेंसिक यूनिवर्सिटी के निर्माण के सम्बन्ध में सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाए। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण के लिए अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular