लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर खतरा बने वन्य जीवों को पकड़ने के लिए जल्द ही रेस्क्यू (बचाव) अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग की टीम ने कार्य योजना तैयार कर ली है।
लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर चार वन्य जीवों को मुख्य रूप से सुरक्षा के लिए खतरा माना गया है। इन जीवों में सियार, खरगोश, टिटहरी और अजगर शामिल हैं। सुरक्षा में खतरा बने इन जीवों से निपटने का जिम्मा अब वन विभाग को दिया गया है। वन विभाग की टीम ने कार्य योजना भी तैयार कर ली है। जल्द ही एयरपोर्ट पर वन्य जीवों को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल वन विभाग ने पचास से अधिक जीवों को चिंहित किया है, जो लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे क्षेत्र में नजर आते हैं। इसलिए भविष्य में किसी तरह की घटना से बचने के इन वन्य जीवों को रनवे तक पहुंचने से रोकने के लिए एयरपोर्ट पर 20 पिंजड़े लगाने का फैसला किया गया है।
डीएफओ रवि कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे क्षेत्र में कई वन्य जीव खतरा बने हुए हैं। इसके लिए वन विभाग ने एयरपोर्ट प्रबंधन को कई सुझाव दिए हैं, जिसमें नालों के अंदर जाली लगाने के साथ ही दीवार से प्रवेश के रास्तों को बंद करना शामिल है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर आने वाले सांपों को पकडऩे के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए बीते मंगलवार को बैठक हो चुकी है।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, हवाई अड्डे के रनवे पर जहाज उड़ान भरने को तैयार होता है तो कभी अचानक सियार, तो कभी आठ से दस फीट लंबा अजगर रनवे पर टहलता नजर आता है। इसके अलावा खरगोश और टिटहरी भी उड़ान के लिए खतरा बने हुए हैं। चार दिन पहले ही आठ फीट के अजगर को एयरपोर्ट के रनवे से पकड़ा गया था।
दीपक
