लखनऊ । प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार पर किसानों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों व गेहूं खरीद नीति से किसानों के समक्ष भीषण संकट की स्थिति उतपन्न हो गयी है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के संकट के समय सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों का गेहूं बिना तौल के भीग गया और अब क्रय केंद्र गेहूं खरीद में अनेक प्रकार की कमियां निकालकर उन्हें बिचैलियों के हाथों बेंचने के लिये विवश कर रहे है, क्योंकि सरकारी क्रय केंद्र बिचैलियों व दलालों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं। सरकारी पोर्टल पर किसानों की शिकायत का भी संज्ञान नहीं लिया जा रहा। क्रय केंद्रों पर फर्जी पंजीकरण कर दलालों, बिचैलियों के हिसाब से गेहूं खरीद कर किसानों का शोषण किया जा रहा है। सोमवार को यहां बयान जारी कर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को उपज का लागत मूल्य न मिलने के कारण उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। यह सब सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव और गरीब किसान को महामारी के संकट के साथ दलालों के चंगुल में फंसाकर उसे दोहरी मार झेलने के लिये विवश कर रही है।
