लखनऊ । उप्र की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार हुए तीन आतंकियों शकील, मुस्तकीम और मोहम्मद मुईद को जेल भेज दिया गया है। यूपी के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने गुरुवार को तीनों आतंकियों को स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद अदालत ने उन तीनों को 29 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विदित हो कि यूपी एटीएस ने बुधवार को लखनऊ से ही अलकायदा के अंसार गजवातुल हिन्द मॉड्यूल से जुड़े इन तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था। तीनों पूर्व में लखनऊ से ही गिरफ्तार दोनों आतंकियों मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन के साथ साजिश में शामिल थे। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया था कि बीते 11 जुलाई के ऑपरेशन में गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकियों मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन को 14 दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाया गया है, जहां दोनों से पूछताछ चल रही है। इस दौरान कुछ और नाम प्रकाश में आए, उन लोगों को एटीएस मुख्यालय पर पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ में तीनों की संलिप्तता की पुष्टि हुई और तीनों ने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया।
एडीजी ने बताया कि मुस्तकीम को इस पूरे षड्यंत्र की जानकारी थी और उसने मिनहाज और मुसीरुद्दीन की सक्रियता से सहायता की। इसी तरह मुईद ने मुस्तकीम के माध्यम से मिनहाज को पिस्टल उपलब्ध कराई तथा शकील ने असलहों का प्रबंध कराने में भूमिका निभाई और मिनहाज को इस कार्य में सहयोग दिया। एटीएस ने 11 जुलाई को मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन की गिरफ्तारी करके बड़ी साजिश का खुलासा किया था। दोनों के कब्जे से आधुनिक असलहे और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। 15 अगस्त से पहले लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों में महत्वपूर्ण स्थानों, स्मारकों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में विस्फोट या मानव बम के रूप में हमला करने की उनकी योजना थी। इसके लिए वे शस्त्र व विस्फोटक सामग्री एकत्र कर रहे थे।
लखनऊ : आतंकवादियों की तीनों मददगार भेजे गए जेल
RELATED ARTICLES
