-दक्षिण भारत यात्रा के लिए आईआरसीटीसी चलाएगा स्पेशल ट्रेन
-स्पेशल ट्रेन पकड़ने की सुविधा पर्यटकों को लखनऊ, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर, कानपुर और झांसी से मिलेगी
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) 17 सितम्बर से पर्यटकों को दक्षिण भारत की सैर कराएगा। इसके लिए पैकेज लांच कर बुकिंग शुरू कर दी गई है।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के मुताबिक, दक्षिण भारत दर्शन यात्रा 17 से 29 सितम्बर तक कराई जाएगी। यह यात्रा 12 दिन और 13 रातों की होगी। इसके लिए पैकेज लांच कर दिया गया है। यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति पैकेज 12, 285 रुपये है। इसमें रहने खाने आदि की व्यवस्था शामिल है। दक्षिण भारत यात्रा के दौरान पर्यटकों को रामेश्वरम, मदुरई, त्रिवेंद्रम, कन्याकुमारी, तिरुचिरापल्ली, रेनूगुण्टा और मल्लिकार्जुन आदि के दर्शन कराए जाएंगे।
दक्षिण भारत यात्रा के लिए पर्यटकों को आईआरसीटीसी की स्पेशल ट्रेन में बैठने की सुविधा लखनऊ, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर, कानपुर और झांसी से मिलेगी। इस यात्रा के लिए बुकिंग लखनऊ के पर्यटन भवन या आईआरसीटीसी की वेबसाइट से कराई जा सकती है।
