लखनऊ । उप्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने अलकायदा से जुड़े तीन और आतंकवादियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। ये तीनों लखनऊ के ही रहने वाले हैं। गिरफ्तार हुए आतंकियों के नाम शकील, मोहम्मद मुस्तकीम और मुईद है। इन्हें पूछताछ के लिए एटीएस मुख्यालय बुलाया गया था। एटीएस को मिनहाज और मशीरुद्दीन से पूछताछ में इन तीनों के बारे में जानकारी मिली है। तीनों अभियुक्त अलकायदा से जुड़े अंसार गजवा उल हिंद के सदस्य हैं। एटीएस ने बुधवार सुबह वजीरगंज जनता नगर निवासी शकील को बुद्धा पार्क के पास से पकड़ा था।
एटीएस के सूत्रों ने बताया कि बीते तीन दिनों से शकील की तलाश की जा रही थी। उसकी तलाश में लखनऊ के कई इलाकों में दबिश दी गई लेकिन वह हाथ नहीं लगा। बुधवार को सुबह शकील की लोकेशन वजीरगंज इलाके में मिली। जिसके बाद पेशे से ई रिक्शा चालक शकील को एटीएस की टीम ने बुद्धा पार्क के पास पकड़ लिया गया। एटीएस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और सीधे मुख्यालय लेकर चली गई। एटीएस की एक टीम उसके मोबाइल की डिटेल खंगाल रही है। वहीं, उसके ठिकानों पर छापेमारी करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। एटीएस की कार्रवाई के दौरान शकील को बुद्धा पार्क से दबोचा गया। इसकी जानकारी मिलते ही उसके परिजन और मोहल्ले के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। गिरफ्तारी की सूचना पर पहुंची मीडिया कर्मियों से मोहल्ले के लोगों ने बदसलूकी करना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मीडिया कर्मी से बदसलूकी करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ में एटीएस ने बीती 11 जुलाई को आतंकी मिनहाज अहमद और मसीरुद्दीन उर्फ मुशीर को गिरफ्तार किया था। आतंकियों ने खुलासा किया है कि वह 15 अगस्त को धमाके करने वाले थे। हालांकि एटीएस ने ये खुलासा नहीं किया कि ये धमाके कहां करने वाले थे।
लखनऊ : अलकायदा से जुड़े तीन और आतंकी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
